आपका पैसा- क्या आप भी हैं किसी के लोन गारंटर:उधारकर्ता ने लोन नहीं चुकाया तो आपको भरना पड़ेगा, इसलिए ये 6 सावधानियां हैं

अगर आपके किसी दोस्त या रिश्तेदार को लोन की जरूरत है। वो आपसे लोन गारंटर बनने को कहता है, तो आप क्या करेंगे? बहुत संभावना है कि आप ‘हां’ कर देंगे, क्योंकि आमतौर पर लोगों को लगता है कि सिर्फ कागज पर दस्तखत ही तो करने हैं। अगर आप भी ऐसा सोचते हैं तो ठहरिए।
लोन गारंटर बनना सिर्फ एक फॉर्मेलिटी भर नहीं है। इसके साथ कई बड़ी जिम्मेदारियां भी आती हैं।अगर उधारकर्ता समय पर EMI (इक्वेटेड मंथली इंस्टॉलमेंट) नहीं चुकाता है तो आपका क्रेडिट स्कोर खराब हो सकता है।
बैंक या फाइनेंशियल कंपनी सीधे आपसे वसूली कर सकती है। आपको लोन लेने में दिक्कत आ सकती है। इसलिए जरूरी है कि लोन गारंटर बनने से पहले इसके जोखिम समझना जरूरी है।
ऐसे में आज हम आपका पैसा कॉलम में जानेंगे कि लोन गारंटर क्या होता है। साथ ही जानेंगे कि-
- लोन गारंटर बनने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
- लोन गारंटर की क्या जिम्मेदारियां होती हैं?
- गारंटर लिस्ट से अपना नाम कैसे हटा सकते हैं?
एक्सपर्ट: राजशेखर, फाइनेंशियल एक्सपर्ट, देहरादून
सवाल- लोन गारंटर बनने का क्या मतलब है?
जवाब- लोन गारंटर वह व्यक्ति होता है, जो किसी लोन की जिम्मेदारी या गारंटी लेता है। इस बात की गारंटी कि अगर उधार लेने वाला (बॉरोअर) किसी भी कारण से लोन की रकम नहीं चुका पाता, तो गारंटर उस लोन की पूरी रकम चुकाने के लिए कानूनी रूप से जिम्मेदार होगा।








