भारत की तरफ़ से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिसरी 17 फ़रवरी को तारिक़ रहमान के बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
भारत के विदेश मंत्रालय और बीएनपी यानी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के मीडिया सेल ने इसकी पुष्टि की है.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है, “लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 17 फ़रवरी 2026 को ढाका में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक़ रहमान के नेतृत्व में बनी नव-निर्वाचित बांग्लादेश सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे.”
इस बयान में आगे कहा गया है, “लोकसभा अध्यक्ष की इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भागीदारी भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी और स्थायी मित्रता को रेखांकित करती है. यह उन लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि भी है, जो हमारे दोनों देशों को जोड़ते हैं.”
“साझा इतिहास, संस्कृति और परस्पर सम्मान से जुड़े पड़ोसी देशों के रूप में, भारत तारिक़ रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश के एक निर्वाचित सरकार की ओर बढ़ने का स्वागत करता है, जिनकी सोच और मूल्यों को बांग्लादेश की जनता ने भारी जनादेश दिया है.”








